एनटीपीसी सीपत के कांटा घर में चोरी का खुलासा, 7 गिरफ्तार जेल दाखिल…@

कंप्यूटर–एसी समेत 4.33 लाख का माल बरामद, दो अपचारी बालक किशोर बोर्ड भेजे गए
कशिश न्यूज़ | सीपत
एनटीपीसी सीपत के फ्लाई ऐश कांटा घर (कंटेनर) में हुई लाखों की चोरी का सीपत पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में चोरी करने वाले चार आरोपी, दो विधि से संघर्षरत बालक और चोरी का सामान खरीदने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से एसी, इन्वर्टर, कंप्यूटर, प्रिंटर समेत करीब 4.33 लाख रुपए का पूरा मशरूका बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि दो अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड बिलासपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
जाने कैसे हुआ चोरी का खुलासा
प्रार्थी अनंत कुमार वाष्णेय अपर महाप्रबंधक (एजीएम) ऐश मैनेजमेंट विभाग, एनटीपीसी सीपत ने थाना सीपत में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम कौड़िया के पास स्थित राखड़ डेम में बने दो कांटा (कंटेनर) घरों के ताले टूटे हुए मिले। कंटेनरों से एसी, इन्वर्टर-बैटरी, डिस्प्ले यूनिट, कंप्यूटर सेट, प्रिंटर, टेबल-कुर्सी समेत कुल 4,33,000 रुपए का सामान चोरी हो गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जांजी क्षेत्र के कुछ युवक चोरी का सामान बेचने की फिराक में हैं।
पूछताछ में टूटा राज
संदेही विष्णू सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथियों अमन खरे, गुलशन कुमार बंजारे, यश कुमार डोंगरे और दो अपचारी बालकों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी का कुछ सामान बेच दिया गया था, जिसके बाद खरीदार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
बरामद सामान
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एसी 2 नग, बैटरी सहित इन्वर्टर 2 नग, डिस्प्ले यूनिट 3 नग (जिसमें 2 छोटी व 1 बड़ी), कंप्यूटर सेट 2 नग, प्रिंटर 1 नग, कुर्सी 2 नग तथा टेबल 1 नग बरामद किया है। बरामद मशरूका की कुल कीमत लगभग 4 लाख 33 हजार रुपए बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने मामले में अमन खरे (18 वर्ष 7 माह) निवासी जांजी, विष्णू सोनकर (18 वर्ष 8 माह) निवासी जांजी, गुलशन कुमार बंजारे (18 वर्ष 10 माह) निवासी जांजी, यश कुमार डोंगरे (18 वर्ष 6 माह) निवासी जांजी सहित दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा चोरी के सामान को खरीदने वाले आरोपी कृष्ण कुमार (28 वर्ष) निवासी सीपत, गौतम खांडे (29 वर्ष) निवासी जांजी एवं ईश्वर पटेल (21 वर्ष) निवासी पंधी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि दो अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड बिलासपुर में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस टीम को मिलेगा इनाम
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने चोरी के इस प्रकरण में त्वरित कार्रवाई और शत-प्रतिशत मशरूका बरामद करने पर टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस की टीम में सउनि धर्मेंद्र यादव, प्रआर मनहरण सिंह, आरक्षक शरद साहू, आरक्षक रामसनेही साहू, आरक्षक प्रकाश जगत, आरक्षक नितिश कश्यप शामिल रहे। सीपत पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया है।



