केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू पहुंचे सीपत,मोदी सरकार के 12 साल की उपलब्धियां गिनाईं, बोले कश्मीर से कन्याकुमारी तक मजबूत हुआ भारत…@

दर्राभाठा में वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मान, कहा- कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से मिला देश सेवा का अवसर
काशिश न्यूज़ | सीपत
भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर सांसद तोखन साहू एक दिवसीय प्रवास पर सीपत पहुंचे। ग्राम दर्राभाठा में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया और केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित भाजपा संगठन के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा कि उन्हें केंद्र सरकार में जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है, उसके पीछे पार्टी कार्यकर्ताओं का अथक परिश्रम, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर को पहली बार केंद्र सरकार में राज्य मंत्री का प्रतिनिधित्व मिलने से पूरे क्षेत्र का सम्मान बढ़ा है। अपने संबोधन में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को विकास, सुरक्षा और जनकल्याण का स्वर्णिम दौर बताते हुए कहा कि डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, गरीब कल्याण योजनाओं और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा ने देश को नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में शांति और विकास का नया अध्याय शुरू हुआ है और आज पूरे गर्व के साथ कहा जा सकता है कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत एक मजबूत और एकजुट राष्ट्र के रूप में खड़ा है।

तोखन साहू ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण, मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से मुक्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त राशन, स्वच्छ भारत मिशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मोदी सरकार का मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, धरातल पर दिखाई देने वाली सच्चाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों, समाजों और धर्मों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के योगदान को कभी नहीं भूलती और उनका सम्मान संगठन की कार्य संस्कृति का हिस्सा है। साथ ही उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के मामले में सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे कदमों के माध्यम से दुश्मनों को करारा जवाब दिया है।

पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के योगदान को सदैव सम्मान देती है। उन्होंने मोदी सरकार के 12 वर्षों को विकास, सुशासन और जनकल्याण का स्वर्णिम काल बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंची हैं। उन्होंने बताया कि अपने 22 जून के जन्मदिवस पर वे मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के सभी छह मंडलों का दौरा कर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान करेंगे और उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा मंडल सीपत के महामंत्री हरिकेश गुप्ता ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री तुषार चंद्राकर ने किया। इस अवसर पर प्रदेश किसान मोर्चा के प्रवक्ता बी.पी. सिंह, एस. कुमार मनहर, राज्यवर्धन कौशिक, दीपक शर्मा, मन्नू सिंह ठाकुर, अभिलेष यादव, मदनलाल पटनवार, बलराम पटनवार, डॉ. कपिल पटेल, श्यामलाल पटेल, वैभव तंबोली, हरिश्चंद्र श्रीवास, रमन गिरी गोस्वामी, नारायण साहू, हीरो सोनवानी, दुर्गा साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
