छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के शिमला मैनपाट में बनेगा सर्वसुविधायुक्त पर्यटन, आवासीय हब, 12 एकड़ में अटल विहार योजना को मंजूरी…@

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल करेगा वेलनेस सेंटर, ट्री हाउस, कॉटेज व आधुनिक सुविधाओं से लैस बहुउपयोगी परिसर का निर्माण

कशिश न्यूज | अंबिकापुर

छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थल और ‘छत्तीसगढ़ के शिमला’ के नाम से विख्यात मैनपाट में पर्यटन एवं आवास विकास को नई ऊंचाई मिलने जा रही है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या और सुविधाओं के विस्तार को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ शासन ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कलेक्टर, सरगुजा (अंबिकापुर) द्वारा शासन के आदेश क्रमांक 04/अ-19/2025-26, दिनांक 14.01.2026 के तहत मैनपाट में 4.80 हेक्टेयर (लगभग 12 एकड़) भूमि अटल विहार योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल को आबंटित की गई है।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस भूमि पर प्राकृतिक वातावरण के अनुरूप सर्वसुविधायुक्त, बहुउपयोगी पर्यटन एवं आवासीय परिसर का निर्माण शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य मैनपाट आने वाले पर्यटकों को गुणवत्तापूर्ण आवास, आधुनिक सुविधाएं एवं बेहतर ठहराव उपलब्ध कराना है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन और आवास विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि यह निर्णय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के मार्गदर्शन में, सरगुजा जिले के प्रभारी मंत्री एवं आवास व पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी तथा पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के विशेष प्रयासों से संभव हो सका है। परियोजना में केरल की तर्ज पर आधुनिक वेलनेस सेंटर विकसित किया जाएगा, जिसमें पंचकर्म चिकित्सा, हर्बल स्पा एवं आयुष आधारित सुविधाएं शामिल होंगी। साथ ही पर्यटकों के लिए 24×7 क्लब हाउस की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिसमें मिलेट्स कैफे, जिम, स्विमिंग पूल, किड्स प्ले एरिया, स्टीम बाथ और एंटरटेनमेंट ज़ोन शामिल होंगे।

पर्यावरण संतुलन को ध्यान में रखते हुए परिसर में विभिन्न प्रकार के ट्री हाउस एवं कॉटेज का निर्माण किया जाएगा। इसके माध्यम से पर्यटकों को मैनपाट की स्थानीय संस्कृति, परंपरा और जनजीवन को नजदीक से देखने व अनुभव करने का अवसर मिलेगा।

अध्यक्ष श्री सिंह देव ने कहा कि इस परियोजना से मैनपाट क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा आधारभूत संरचना के विकास को गति मिलेगी। किफायती और गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधाओं से पर्यटकों का ठहराव बढ़ेगा, जिससे हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को मजबूती और स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहन मिलेगा। आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मैनपाट छत्तीसगढ़ का विशिष्ट पर्यटन स्थल है। यहां आवास, वेलनेस और आधुनिक सुविधाओं का विकास अत्यंत आवश्यक है। गृह निर्माण मंडल की यह परियोजना पर्यटन, आवास और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगी।

पर्यटन मंत्री एवं विधायक अंबिकापुर राजेश अग्रवाल ने इसे पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में सराहनीय कदम बताते हुए कहा कि इससे पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को मजबूती प्राप्त होगी। विधायक सीतापुर रामकुमार टोप्पो ने कहा कि यह परियोजना मैनपाट क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान करेगी।

कुल मिलाकर, मैनपाट में प्रस्तावित यह सर्वसुविधायुक्त पर्यटन,आवासीय परिसर छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित करने की दिशा में एक बड़ी पहल मानी जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!
Latest news
डीईओ रामेश्वर जायसवाल ने पंधी स्कूल का किया आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को सराहा; गुणवत्तापूर्ण अध्... अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सीपत भाजपा मंडल के भाजपाईयों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, मंडल अध्यक्ष दीपक... पीएम उत्सव में किसानों को मिली सम्मान निधि की सौगात,पोड़ी में 50 किसानों को वितरित हुआ धान बीज,राजेन... केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू पहुंचे सीपत,मोदी सरकार के 12 साल की उपलब्धियां गिनाईं, बोले कश्मीर स... लुतरा शरीफ मदरसे में आधुनिक शिक्षा की नई पहल, बच्चों को मिले डिजिटल पैड, स्पोर्ट्स किट और यूनिफॉर्म.... प्रदेश भाजपा के शीर्ष निर्णय मंच में पहुंचे डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, सीपत में कार्यकर्ताओं ने किया सम्... मध्यप्रदेश शासन में बने स्वास्थ्य विभाग का स्टॉफ क्वार्टर अब खंडहर में तब्दील, हॉस्पिटल के कर्मचारी ... पेंशन एरियर्स और चुनावी शुल्क में गड़बड़ी का आरोप, तत्कालीन सरपंच-सचिव के खिलाफ उपसरपंच ने जिला पंचा... एनटीपीसी के ठेका कंपनी आईएमएस शिपमेंट एजेंसी की लापरवाही ने ली संविदा कर्मी की जान, राखड़ डेम में कर... मन की बात में गूंजा छत्तीसगढ़ का गौरव,पीएम मोदी ने मल्हार के 1500 वर्ष पुराने ताम्रपत्रों और सरगुजा ...