भाजपा सीपत मंडल में नई कार्यकारिणी की घोषणा, 45 पदाधिकारियों की जम्बो सूची,कई नामचीन दिग्गज चेहरे गायब…@

सतीश पाटनवार व हरिकेश गुप्ता को महामंत्री की जिम्मेदारी
कशिश न्यूज़ | बिलासपुर
भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर कोर ग्रुप के निर्णय एवं भाजपा बिलासपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल की सहमति से सीपत मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने भाजपा सीपत मंडल के पदाधिकारियों और कार्यसमिति सदस्यों की नई सूची जारी की है।

इस बार पार्टी संगठन में कई नए चेहरों को स्थान दिया गया है। सतीश पाटनवार और हरिकेश गुप्ता को महामंत्री का अहम दायित्व सौंपा गया है। संगठन ने कुल 45 सदस्यों की यह जम्बो सूची जारी की गई है, जिसमें मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है। हालांकि, सूची से कुछ पुराने और दिग्गज चेहरों की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी हुई है। इससे पार्टी के अंदरूनी समीकरणों को लेकर अटकलें भी तेज हो गई हैं।


मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि यह टीम आने वाले समय में संगठन को और मजबूती देने का कार्य करेगी। उन्होंने सभी नवगठित पदाधिकारियों से पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। पार्टी संगठन ने संतुलन साधते हुए युवाओं और अनुभवी कार्यकर्ताओं को जगह दी है, जिससे संगठन की जमीनी पकड़ को और मजबूत किया जा सके।