एनटीपीसी में सतर्कता सप्ताह शुरू, अधिकारी-कर्मचारियों ने ली सत्यनिष्ठा की शपथ

कशिश न्यूज़ |सीपत
एनटीपीसी सीपत में मंगलवार को शपथ ग्रहण समारोह के साथ सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर एनटीपीसी लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक गुरदीप सिंह का सतर्कता संदेश एनटीपीसी सीपत के परियोजना प्रमुख विजय शंकर दुबे ने पढ़कर सुनाया। अपने संदेश में गुरदीप सिंह ने सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही को संगठन की प्रगति एवं राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए सभी कर्मचारियों से अपने कार्यों में नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।

महाप्रबंधक प्रचालन एवं अनुरक्षण महाप्रबंधक सुरोजित सिन्हा ने एनटीपीसी लिमिटेड मुख्य सतर्कता अधिकारी रश्मिता झा का संदेश पढ़कर सुनाया। अपने संदेश में श्रीमती झा ने सत्यनिष्ठा एवं नैतिक आचरण के प्रति प्रतिबद्धता बनाए रखने और निवारक सतर्कता को कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
इसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा और ईमानदारी की शपथ दिलाई गई। कर्मचारियों में सतर्कता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें सतर्कता संबंधी विषयों से परिचित कराने के उद्देश्य से विजिलेंस क्विज का भी आयोजन किया गया।
उल्लेखनीय है कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” थीम पर 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर इंजीनियरिंग महाप्रबंधक विकास खरे, प्रमुख मानव संसाधन प्रमुख भक्त वत्सल पात्रा, विजिलेंस विभागाध्यक्ष कुंदन राठौर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी तथा सीआईएसएफ के अधिकारी और जवान उपस्थित रहे। सभी ने भ्रष्टाचार के उन्मूलन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों पर आधारित कार्यसंस्कृति को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
