कोरबा की ‘जलपरी’ भूमि ने रचा इतिहास, छत्तीसगढ़ के सर्वोच्च खेल सम्मान से सम्मानित…@

तैराकी में प्रदेश को दिलाया पहला राष्ट्रीय पदक; कंधे की सर्जरी के बाद भी नहीं मानी हार, संघर्ष के दम पर की शानदार वापसी
कशिश न्यूज़ | कोरबा
छत्तीसगढ़ की प्रतिभावान तैराक और कोरबा की ‘जलपरी’ भूमि गुप्ता ने प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करते हुए एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भूमि को प्रदेश के सर्वोच्च खेल सम्मान ‘शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार (2024-25)’ से अलंकृत किया। भूमि की इस उपलब्धि से खेल जगत के साथ ही गुप्ता समाज में भी खुशी की लहर है।

भूमि गुप्ता ने छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद तैराकी में प्रदेश के लिए पहला राष्ट्रीय पदक हासिल कर इतिहास रचा। हल्द्वानी में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के 200 मीटर आईएम (इंडिविजुअल मेडले) मुकाबले में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि ने छत्तीसगढ़ की तैराकी प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाई है।
8 साल की उम्र में शुरू किया सफर
भूमि ने महज 8 वर्ष की उम्र में गर्मी की छुट्टियों के दौरान आयोजित समर कैंप से तैराकी सीखना शुरू किया था। देखते ही देखते तैराकी उनका जुनून बन गई। लगातार मेहनत और अनुशासन के दम पर उन्होंने राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई। भूमि के खेल सफर में मुश्किल दौर भी आया। कंधे की गंभीर सर्जरी के कारण उन्हें लंबे समय तक तैराकी से दूर रहना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। मानसिक मजबूती के लिए मेंटल हेल्थ ट्रेनिंग का सहारा लिया और खुद को फिर से तैयार कर शानदार वापसी की। भूमि गुप्ता की कहानी सिर्फ पदक और पुरस्कार की नहीं, बल्कि संघर्ष, धैर्य और वापसी की मिसाल है। कंधे की सर्जरी के बाद दोबारा अपने खेल को ऊंचाई तक पहुंचाना और फिर प्रदेश के सर्वोच्च खेल सम्मान से सम्मानित होना उनकी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रमाण है। भूमि की इस उपलब्धि ने प्रदेश की नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।
मुंबई से दिल्ली तक हाई-परफॉर्मेंस ट्रेनिंग
भूमि वर्ष 2017 में हाई-परफॉर्मेंस ट्रेनिंग के लिए मुंबई शिफ्ट हुईं। इसके बाद वर्ष 2018-19 में दिल्ली में आयोजित एसजीएफआई नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत और दो कांस्य पदक हासिल किए। लगातार बेहतर प्रदर्शन का सिलसिला आगे भी जारी रहा। भूमि गुप्ता को प्रदेश का सर्वोच्च खेल सम्मान मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, तैराकी संघ के पदाधिकारियों, खेल प्रेमियों और समाज के लोगों ने उन्हें बधाई दी। अलंकरण समारोह में वृंदा परिवार के सदस्यों ने भी उपस्थित रहकर भूमि का उत्साहवर्धन किया।
चंद्रपुरिहा कसौंधन वैश्य गुप्ता समाज के पदाधिकारियों ने भूमि की उपलब्धि को समाज के लिए गौरव का विषय बताया। सतीश गुप्ता (सरकंडा) पूर्व अध्यक्ष सप्तगढ,भूपेंद्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष प्रदेश गुप्ता समाज, मोहन लाल गुप्ता संरक्षक तिफरा, रमाकांत गुप्ता बलौदा, सतीश गुप्ता (घुटकू) वर्तमान सप्तगण अध्यक्ष, राधारमण गुप्ता सचिव, मणिशंकर गुप्ता कोषाध्यक्ष, कमल गुप्ता (सीपत) पूर्व मनोनीत मंत्री,आशीष गुप्ता (लखराम) वर्तमान मनोनीत मंत्री,गोपी गुप्ता पूर्व अध्यक्ष सीपतगढ़, बांकेबिहारी गुप्ता संरक्षक, हरीश गुप्ता वर्तमान अध्यक्ष,हिमांशु गुप्ता सचिव सहित समाज के अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने भूमि को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





