क्राइम

24 घंटे में लाखों की चोरी का बड़ा खुलासा, घर की रेकी कर वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 222.39 ग्राम सोना और 239.37 ग्राम चांदी समेत चोरी का पूरा माल बरामद…@

डिजिटल तकनीकी साक्ष्य, फिंगर प्रिंट, सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र को जोड़कर चोरों तक पहुंची पुलिस

कशिश न्यूज | सीपत

सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में रिटायर्ड एनटीपीसी कर्मचारी के घर हुई लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात की चोरी का सीपत पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। आला अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के नेतृत्व में सीपत पुलिस व एसीसीयू की टीम ने दिन-रात मेहनत करते हुए तकनीकी साक्ष्यों, फिंगर प्रिंट जांच, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र को एक साथ जोड़कर चोरी की गुत्थी सुलझाई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल दोनों आरोपी गिरफ्तार हुए, बल्कि चोरी का शत-प्रतिशत मशरूका भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने ग्राम खम्हरिया निवासी आदित्य कुमार लहरे (22) और जावेद अली (25) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर 222.39 ग्राम सोने के जेवर और 239.37 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए गए। साथ ही ताला तोड़ने में इस्तेमाल लोहे का रॉड भी जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

वारदात की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने संभाली कमान

मालूम हो कि 11 अगस्त की सुबह ग्राम खम्हरिया निवासी सुंदर लाल मैत्री और उनकी पत्नी जयश्री मैत्री मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। करीब 6 बजे वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। पीछे का दरवाजा खुला था और आलमारी का लॉकर खाली था। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीम के साथ खुद मौके पर रवाना हुए और स्वयं जांच की कमान संभाली। पुलिस टीम ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए घर के अंदर और संभावित प्रवेश-निकास वाले स्थानों की बारीकी से जांच की।

फिंगर प्रिंट से लेकर गांव की हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर

पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच के साथ आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। बिलासपुर से फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम को बुलाकर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए गए। वहीं बीट आरक्षकों और स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय कर गांव में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने वारदात के समय को लेकर भी बारीकी से जांच की। दंपती के मॉर्निंग वॉक पर जाने और वापस लौटने के बीच का समय महज करीब 45 मिनट था। इसी अवधि में घर में चोरी की गई थी। इस दौरान घर के आसपास आने-जाने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई।

20 से अधिक संदेहियों से पूछताछ, साक्ष्य जुटाए

जांच के दौरान पुलिस को यह अहम जानकारी मिली कि आरोपियों को पीड़ित परिवार की दिनचर्या की जानकारी थी। इसके बाद पुलिस की जांच गांव के ही कुछ संदिग्धों तक पहुंची। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ते हुए पुलिस ने आदित्य कुमार लहरे और जावेद अली को हिरासत में लिया। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा और उनकी टीम ने आरोपियों से लगातार पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि वे पहले से परिवार के मॉर्निंग वॉक पर जाने के समय की रेकी कर चुके थे। दंपती के घर से निकलते ही दोनों पीछे के दरवाजे से अंदर घुसे और आलमारी से सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। इस दौरान लगभग 20 से अधिक संदेहियों से पूछताछ हुई।

पुराने निर्माणाधीन मकान में छिपाया था चोरी का माल

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पकड़े जाने के डर से चोरी के जेवर एक पुराने निर्माणाधीन मकान में झाड़ियो के बीच छिपाकर रखे थे। पुलिस टीम ने आरोपियों को साथ लेकर मौके पर पहुंची और उनकी निशानदेही पर एक-एक कर चोरी के सारे जेवर बरामद किए। पुलिस ने मौके से 222.39 ग्राम सोना और 239.37 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए। इसके अलावा ताला तोड़ने में इस्तेमाल लोहे का रॉड भी जब्त किया गया।

24 घंटे की मेहनत का नतीजा,आरोपी भी पकड़े, पूरा माल भी मिला

सीपत पुलिस की इस कार्रवाई में सबसे खास बात यह रही कि घटना के बाद शुरुआती घंटों को गंवाए बिना जांच को कई स्तरों पर आगे बढ़ाया गया। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार फील्ड में रहकर दिनरात मेहनत की और संदिग्धों की तलाश में जुटे रहे, तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला और मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी को जांच से जोड़ा। लगातार मेहनत और बेहतर समन्वय का नतीजा रहा कि महज 24 घंटे में चोरी की वारदात का खुलासा हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया।

पुलिस टीम के लिए नगद पुरस्कार की घोषणा

चोरी का शत-प्रतिशत मशरूका बरामद करने और त्वरित कार्रवाई के लिए उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से पुलिस टीम के लिए नगद पुरस्कार की घोषणा की गई है। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के नेतृत्व में सीपत पुलिस टीम की यह कार्रवाई स्थानीय स्तर पर पुलिस की सक्रियता, बेहतर सूचना तंत्र और त्वरित जांच का उदाहरण बनी है। वारदात के बाद लगातार मेहनत करते हुए टीम ने न सिर्फ आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया, बल्कि पीड़ित परिवार का पूरा चोरी हुआ सामान भी वापस बरामद कर लिया।

Back to top button
error: Content is protected !!
Latest news
24 घंटे में लाखों की चोरी का बड़ा खुलासा, घर की रेकी कर वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपी गिरफ्तार,... 60 लाख की नई तहसील भवन में इंजीनियरिंग की बड़ी चूक,छत तक जाने सीढ़ी ही नहीं, उद्घाटन के पहले ही टपकन... डीईओ रामेश्वर जायसवाल ने पंधी स्कूल का किया आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को सराहा; गुणवत्तापूर्ण अध्... अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सीपत भाजपा मंडल के भाजपाईयों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, मंडल अध्यक्ष दीपक... पीएम उत्सव में किसानों को मिली सम्मान निधि की सौगात,पोड़ी में 50 किसानों को वितरित हुआ धान बीज,राजेन... केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू पहुंचे सीपत,मोदी सरकार के 12 साल की उपलब्धियां गिनाईं, बोले कश्मीर स... लुतरा शरीफ मदरसे में आधुनिक शिक्षा की नई पहल, बच्चों को मिले डिजिटल पैड, स्पोर्ट्स किट और यूनिफॉर्म.... प्रदेश भाजपा के शीर्ष निर्णय मंच में पहुंचे डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, सीपत में कार्यकर्ताओं ने किया सम्... मध्यप्रदेश शासन में बने स्वास्थ्य विभाग का स्टॉफ क्वार्टर अब खंडहर में तब्दील, हॉस्पिटल के कर्मचारी ... पेंशन एरियर्स और चुनावी शुल्क में गड़बड़ी का आरोप, तत्कालीन सरपंच-सचिव के खिलाफ उपसरपंच ने जिला पंचा...