केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने एनटीपीसी सीपत के 6.25 करोड़ रुपये के सीएसआर कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन, ग्रामीण विकास को मिली नई गति…@

कशिश न्यूज़ | सीपत
एनटीपीसी सीपत द्वारा नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत परियोजना प्रभावित गांवों में लगभग 6.25 करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम प्रभावित ग्राम कर्रा में गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर 4.53 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया, वहीं 1.72 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित नए विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन एवं भूमिपूजन केंद्रीय राज्य मंत्री, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार एवं सांसद तोखन साहू के करकमलों से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, जिला पंचायत बिलासपुर अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी तथा एनटीपीसी सीपत के परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक विजय कृष्णा पांडेय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
ज्ञात हो कि एनटीपीसी सीपत के सीएसआर कार्यक्रम के अंतर्गत परियोजना प्रभावित ग्राम पंचायत कर्रा, सीपत, गतौरा, रलिया, जांजी, देवरी, कौड़िया, रांक एवं दर्राभाठा में कुल 12 विकास कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जिनका इस अवसर पर लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही चार नए विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया। इन कार्यों में आधारभूत संरचना विकास, तालाबों का पुनरुद्धारीकरण तथा शैक्षणिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने एनटीपीसी सीपत द्वारा परियोजना प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीएसआर के माध्यम से ग्रामीण अंचलों में शिक्षा, आधारभूत सुविधाओं एवं सामाजिक विकास को नई दिशा मिल रही है। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि एनटीपीसी सीपत से छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, गुजरात और गोवा सहित अन्य राज्यों को बिजली आपूर्ति की जा रही है। साथ ही निर्माणाधीन 800 मेगावाट परियोजना, जिसका शिलान्यास देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिलासपुर के बिल्हा में किया था, के पूर्ण होने के बाद देश के विकास में एनटीपीसी की भूमिका और अधिक सशक्त होगी।

विशिष्ट अतिथि दिलीप लहरिया ने एनटीपीसी सीपत द्वारा परियोजना प्रभावित गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों को एक मंच पर आमंत्रित करने के लिए एनटीपीसी प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र का विकास ही देश का विकास है, और इस दिशा में एनटीपीसी सीपत निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रही है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने कहा कि एनटीपीसी ने पहली बार सभी जनप्रतिनिधियों को एक मंच पर आमंत्रित कर एक आदर्श परंपरा की शुरुआत की है, जिसे प्रतिवर्ष आयोजित किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि किसानों की सिंचाई के लिए महत्वपूर्ण खुटाघाट जलाशय से दो लाख क्यूबिक मीटर की खुदाई में एनटीपीसी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। साथ ही उन्होंने स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में और अधिक कार्य किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि सीएसआर के माध्यम से कराए जा रहे कार्य ग्रामीण विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं, जिससे न केवल सुविधाओं में वृद्धि होगी बल्कि ग्रामीणों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक परिवर्तन आएगा।

मस्तूरी जनपद पंचायत अध्यक्ष सरस्वती सोनवानी ने भी अपने विचार रखते हुए एनटीपीसी सीपत को धन्यवाद दिया और कौशल विकास व सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों को और विस्तार देने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम के दौरान परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक विजय कृष्ण पाण्डेय ने एनटीपीसी सीपत द्वारा संचालित सीएसआर गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी और सामाजिक सरोकार से जुड़े विकास कार्यों के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत सभापति मनोज खरे, सदस्य देवेश शर्मा, उषा देवी कैवर्त, रेवाशंकर साहू, अंजनी पटेल, सरपंच जयंती पटेल, विक्रम प्रताप सिंह, मनीषा वंशकार, चन्द्रकली पाटले, सरिता साहू, रीता रात्रे, रेखा सांडे, मीना वस्त्रकार, अभिलेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी की सहभागिता से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



