धनंजय सिंह दूसरी बार बिल्हा ब्लॉक सरपंच संघ के निर्विरोध अध्यक्ष बने, 88 सरपंचों का मिला समर्थन…@

(जनपद सभाकक्ष में निर्विरोध निर्वाचन, जल्द होगा कार्यकारिणी का विस्तार)
बिलासपुर| पंचायत राजनीति में एक बार फिर बड़ा विश्वास और एकजुटता देखने को मिली जब ग्राम पंचायत सेलर से दूसरी बार रिकार्ड मतों से जीत दर्ज करने वाले युवा सरपंच धनंजय सिंह को लगातार दूसरी बार बिल्हा ब्लॉक सरपंच संघ का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। सोमवार को बिल्हा के जनपद सभाकक्ष में आयोजित इस चुनाव में क्षेत्र के कुल 88 सरपंचों ने पूर्ण समर्थन जताते हुए धनंजय सिंह के नाम का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया।

बता दें कि धनंजय सिंह की नेतृत्व क्षमता, ग्राम विकास के प्रति उनकी सक्रियता और सरपंचों के बीच मजबूत समन्वय की भावना ने उन्हें एक बार फिर यह जिम्मेदारी सौंपी है। निर्विरोध निर्वाचन इस बात का प्रमाण है कि बिल्हा क्षेत्र में धनंजय के प्रति भरपूर भरोसा कायम है। इस मौके पर कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और पंचायत पदाधिकारी उपस्थित रहे। निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से पूरी की गई। धनंजय सिंह ने सभी सरपंचों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विश्वास मेरे लिए सम्मान की बात है मैं पूरी निष्ठा के साथ अपने सरपंच साथियों की आवाज़ बनकर राज्य सरकार तक पहुंचाने का काम करूंगा साथ ही गांव के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करता रहूंगा।
उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही आने वाले दिनों में सरपंच संघ की कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा, जिसमें सभी क्षेत्रों से प्रतिनिधियों को शामिल कर संघ को और अधिक मजबूत व सक्रिय बनाया जाएगा। सरपंच संघ के इस चुनाव के साथ ही बिल्हा विकासखंड में सरपंच संघ की गतिविधियों को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद है।
