एनटीपीसी सीपत में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह गरिमामय व उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न…@

कशिश न्यूज़ | सीपत
एनटीपीसी सीपत में 26 जनवरी 2026 को 77वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख एवं मुख्य अतिथि स्वपन कुमार मंडल ने तिरंगा ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात बाल भारती पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों के साथ सामूहिक राष्ट्रगान का गायन किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा सीआईएसएफ तथा बाल भारती पब्लिक स्कूल की परेड का निरीक्षण किया गया, जिसमें सीआईएसएफ के जवानों और छात्र-छात्राओं ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल ने अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिजनों एवं विद्यार्थियों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की सबसे बड़ी विद्युत उत्पादक कंपनी एनटीपीसी का उद्देश्य राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ समाज और देश के विकास में निरंतर योगदान देना है। उन्होंने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए एनटीपीसी सीपत के विद्युत उत्पादन और कार्य निष्पादन में हो रहे उत्कृष्ट प्रयासों की सराहना की। साथ ही जानकारी दी कि निर्माणाधीन 800 मेगावाट की परियोजना का कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है।
परियोजना प्रमुख ने सीएसआर अनुभाग, संगवारी महिला समिति, सभी यूनियन एवं एसोसिएशन, इंडियन कॉफी हाउस, बाल भारती पब्लिक स्कूल, स्टेट बैंक सीपत, उज्ज्वल डाकघर एवं सभी सहयोगी एजेंसियों के सकारात्मक एवं रचनात्मक योगदान की प्रशंसा की। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख, महाप्रबंधकगण, विशिष्ट अतिथियों, संगवारी महिला समिति की अध्यक्षा, समिति की पदाधिकारीगण एवं यूनियन-एसोसिएशन प्रतिनिधियों द्वारा हर्ष और उल्लास के प्रतीक गुब्बारों का विमोचन किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत टाइनी ब्लॉसम प्ले स्कूल, बाल भवन, दिशा केंद्र, बाल भारती पब्लिक स्कूल, माध्यमिक विद्यालय रलिया, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजी, माध्यमिक विद्यालय देवरी एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीपत के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत नृत्य एवं गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं।

इसके पश्चात प्रचालन, परियोजना, बीएमडी, ऐश यूटिलाइजेशन, टरबाइन मेंटेनेंस, बॉयलर मेंटेनेंस, सीएचपी, एमजीआर, एमएम ऑफसाइट एवं ओएंडएम (सिविल) विभागों द्वारा आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करने वाले कर्मचारियों को “मेरिटोरियस अवार्ड”, “स्पेशल अचीवर्स अवार्ड” एवं झांकी पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संगवारी महिला समिति की अध्यक्षा शिखा मंडल, सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट कपिल सुधाकर कामडी, बाल भारती पब्लिक स्कूल के प्राचार्य शलभ निगम, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारीगण, सीआईएसएफ के जवान, उज्ज्वल नगरवासी एवं आसपास के ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के पूर्व स्टेज-1 सर्विस बिल्डिंग परिसर में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) सुरोजीत सिन्हा द्वारा ध्वजारोहण कर कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। इसके पश्चात डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संविधान निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को स्मरण किया गया।
इसी क्रम में बाल भवन परिसर में संगवारी महिला समिति की अध्यक्षा शिखा मंडल द्वारा ध्वजारोहण किया गया तथा समिति की सदस्यों एवं टाइनी ब्लॉसम प्ले स्कूल, बाल भवन एवं दिशा केंद्र के बच्चों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।



