बिलासपुर

घायल गौवंश को सहलाते कलेक्टर हुए भावुक कहा.. दूध बंद होने पर गायों को सड़क पर छोड़ना अमानवीय…@

सुरभि गौ सेवा समिति’ को मिला प्रशासन का संबल, घायल गायों की सेवा के लिए प्रशासन देगी जमीन

रियाज़ अशरफी | सीपत

सड़क हादसों में तड़पते, कटे-फटे और बेसहारा पड़े गोवंश के लिए खम्हरिया के गायत्री मंदिर परिसर में संचालित ‘सुरभि गौ सेवा समिति’ इन दिनों करुणा और सेवा की सजीव मिसाल बन चुकी है। गुरुवार को संजय अग्रवाल और संदीप अग्रवाल जब जेवरा में आयोजित जल रक्षा अभियान कार्यक्रम में शामिल होने जाते हुए यहां पहुंचे, तो यह दौरा महज़ औपचारिक निरीक्षण नहीं रहा,यह इंसानियत की मार्मिक तस्वीर बन गया।

गाय को सहलाकर प्यार करते कलेक्टर संजय अग्रवाल

गौ सेवा धाम में घायल गायों की कटी पूंछ, टूटे पैर, शरीर पर गहरे जख्म और सहमे बछड़ों की आंखें देखकर कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ खुद भावुक हो उठे। उन्होंने स्वयं झुककर गोवंश को सहलाया, पुचकारा और अपने हाथों से गुड़-चना व हरी सब्ज़ियां खिलाईं। उस पल प्रशासनिक पद पीछे छूट गया और मानवीय संवेदना आगे आ खड़ी हुई। यह दृश्य देखकर उपस्थित ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।

कोरोना काल में लिया संकल्प, आज भी जारी सेवा

समिति के सक्रिय सदस्य और शिक्षक सुधांशु दीवान बताया कि कोरोना काल की विषम परिस्थितियों में सात युवाओं ने मिलकर संकल्प लिया था की जब तक सड़क पर घायल गोवंश तड़पता रहेगा, तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे। उनकी सेवा के लिए तन,मन,धन सब न्योछावर करते रहेंगे।

गौ सेवा धाम का निरीक्षण करते कलेक्टर अग्रवाल

उन्होंने कलेक्टर को बताया कि बरसात के मौसम में समिति का मासिक खर्च लगभग 40 हजार रुपये तक पहुंच जाता है, जबकि सामान्य दिनों में यह 20 हजार रुपये के आसपास रहता है। दवाइयों, मरहम-पट्टी, चारा और देखभाल का सारा प्रबंध सदस्यगण और समाज के सहयोग से किया जाता है। प्रत्येक सहयोगी को बाकायदा रसीद भी दी जाती है। औसतन हर वर्ष 100 से अधिक घायल मवेशियों का यहां उपचार होता है। लेकिन जगह की कमी सबसे बड़ी बाधा है,पूर्ण स्वस्थ होने के बाद उन्हें फिर खुले में छोड़ना पड़ता है, क्योंकि स्थायी आश्रय उपलब्ध नहीं है।

स्थायी गौशाला का सपना अब हकीकत की ओर

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल ने ऊनी रोड पर प्रस्तावित पांच एकड़ गौठान भूमि की जानकारी ली। समिति ने बताया कि वहां शेड, पानी और फेंसिंग जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। कलेक्टर ने मौके पर ही सरपंच प्रतिनिधि शैलेन्द्र खांडेकर और समिति को पंचायत से विधिवत प्रस्ताव पारित कर आवेदन भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन शेड निर्माण, पेयजल व्यवस्था और फेंसिंग जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

समिति व पंचायत प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल व जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि गायों की सेवा केवल दूध देने तक सीमित न रखें। दूध बंद होने पर उन्हें सड़कों पर छोड़ देना अमानवीय है। जो इंसान गायों से प्यार करेगा, वह इंसानों से कभी नफरत नहीं कर सकता, उन्होंने कहा। किसानों से पैरा जलाने के बजाय पैरा दान करने की अपील भी की।

युवाओं की निस्वार्थ सेवा भावना से अभिभूत होकर कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ ने स्वयं 2-2 हजार रुपये का सहयोग प्रदान किया। यह सहयोग केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि उनके प्रयासों पर प्रशासन की मुहर लोगो के लिए एक संदेश था।

एक महिला की करुणा से शुरू हुई मुहिम

ग्राम खम्हरिया में फत्तेलाल राजवाड़े की अध्यक्षता में संचालित समिति की शुरुआत उनकी पत्नी शशि किरण राजवाड़े ने अकेले की थी। एक महिला की संवेदना से उपजा यह बीज आज युवाओं के सहयोग से वटवृक्ष बन चुका है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारी व समिति के सदस्य

समिति के सदस्य मनीष सोनी, सुशील सोनी, तरुण साहू, अमित अग्रवाल, सुधांशु दीवान, हिमांशु शर्मा और जनपद सदस्य देवेश शर्मा अपना समय, श्रम और संसाधन समर्पित कर रहे हैं। घायल गोवंश की कराह को सेवा में बदलने वाले इन युवाओं ने साबित कर दिया है कि बदलाव के लिए बड़ी ताकत नहीं, बड़ा दिल चाहिए। खम्हरिया की यह अस्थायी गौशाला अब केवल उपचार केंद्र नहीं, बल्कि संवेदना, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी की जीवंत पाठशाला बन चुकी है।

उम्मीद जताई जा रही है कि प्रशासनिक सहयोग से यह पहल जल्द ही स्थायी आश्रय का रूप ले सकती है,जहां हर घायल गोवंश को इलाज के साथ सम्मान और सुरक्षित जीवन भी मिलेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!
Latest news
डीईओ रामेश्वर जायसवाल ने पंधी स्कूल का किया आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को सराहा; गुणवत्तापूर्ण अध्... अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सीपत भाजपा मंडल के भाजपाईयों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, मंडल अध्यक्ष दीपक... पीएम उत्सव में किसानों को मिली सम्मान निधि की सौगात,पोड़ी में 50 किसानों को वितरित हुआ धान बीज,राजेन... केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू पहुंचे सीपत,मोदी सरकार के 12 साल की उपलब्धियां गिनाईं, बोले कश्मीर स... लुतरा शरीफ मदरसे में आधुनिक शिक्षा की नई पहल, बच्चों को मिले डिजिटल पैड, स्पोर्ट्स किट और यूनिफॉर्म.... प्रदेश भाजपा के शीर्ष निर्णय मंच में पहुंचे डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, सीपत में कार्यकर्ताओं ने किया सम्... मध्यप्रदेश शासन में बने स्वास्थ्य विभाग का स्टॉफ क्वार्टर अब खंडहर में तब्दील, हॉस्पिटल के कर्मचारी ... पेंशन एरियर्स और चुनावी शुल्क में गड़बड़ी का आरोप, तत्कालीन सरपंच-सचिव के खिलाफ उपसरपंच ने जिला पंचा... एनटीपीसी के ठेका कंपनी आईएमएस शिपमेंट एजेंसी की लापरवाही ने ली संविदा कर्मी की जान, राखड़ डेम में कर... मन की बात में गूंजा छत्तीसगढ़ का गौरव,पीएम मोदी ने मल्हार के 1500 वर्ष पुराने ताम्रपत्रों और सरगुजा ...