बेलतरा विधायक का प्रशासन को अल्टीमेटम अगर जर्जर नहर मार्ग नही सुधरी तो ग्रामीणों के साथ धरना देकर करेंगे जक्कजाम…@

बिलासपुर (रियाज़ अशरफी)| बेलतरा क्षेत्र को सीपत और मस्तूरी से जोड़ने वाली एक मात्र नहर मार्ग पिछले कई वर्षों से प्रशासनिक उपेक्षा का दंश झेल रही है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और ग्रामीण लंबे समय से इस जर्जर नहर मार्ग को सुधारने शासन-प्रशासन से मांग करते आ रहे है। लेकिन सड़क सुधारने को लेकर प्रशासन की ओर से अब तक कोई भी ठोंस कदम नही उठाया गया है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर बेलतरा विधायक रजनीश सिंह ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

बताते चलें कि बेलतरा विधानसभा के मेलनाडीह स्थित खारँग जलाशय (खूंटाघाट) से सीपत होते हुए मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी तक 75 कि.मी. की बांई तट नहर मार्ग लगभग डेढ़ सौ गांवों को जोड़ती है। जो पिछले कुछ वर्षों से अत्यंत जर्जर हो गई है। इस मार्ग के निर्माण को लेकर लगातर किए जा रहे अनदेखी से नाराज़ बेलतरा विधायक रजनीश सिंह सैकड़ो ग्रामीणों के साथ शुक्रवार 14 जुलाई को विधानसभा क्षेत्र के बाम्हु चौक में चक्काजाम करेंगे। इस संदर्भ में विधानसभा समन्वय समिति ने भी लिया निर्णय लिया है कि ग्रामीणों के साथ भाजपा के सैंकड़ों कार्यकर्ता भी आंदोलन का समर्थन करते हुए विधायक के साथ धरने पर बैठेंगे।
क्यों जरूरी है नहर मार्ग का निर्माण
मेलनाडीह से मस्तूरी जाने वाली खुटाघांट बाईतट मुख्य नहर मार्ग आम लोगो के आवागमन और कृषि कार्य के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है। बेलतरा और मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र की एक बहुत बड़ी आबादी इस मार्ग से निस्तारी करती है। प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने वाली धर्म नगरी रतनपुर से मस्तूरी मल्हार शिवरीनारायण व बलौदा बाजार को सीधा जोड़ती है। वर्तमान में यह सड़क रखरखाव के आभाव में अत्यंत जर्जर हालात में पहुंच गई है। रास्तों पर बड़े बड़े गड्ढे हो गए हैं राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है लोगो को मजबूरी में दूसरे घुमाव वाले रास्तों का सहारा लेना पड़ता है।
स्व. बद्रीधर दीवान के कार्यकाल में बनी थी पक्की सड़के
बेलतरा विधानसभा के प्रथम विधायक एवं तत्कालीन छ.ग. विधानसभा के उपाध्यक्ष स्व.बद्रीधर दीवान के कार्यकाल के दौरान 13 वर्ष पूर्व सन 2009-10 में मेलनाडीह से मस्तूरी तक नहर पिचिंग और डब्ल्यूबीएम नहर मार्ग का डामरीकरण का कार्य किया गया था। वर्तमान में इस मार्ग में सड़के कम गड्ढे ज्यादा है।
विधायक रजनीश ने कहा सरकार की उदासीनता से बात नही बनी इसलिए आंदोलन
विधायक रजनीश सिंह का कहना है कि नहर मार्ग के पुनर्निर्माण को लेकर लगातर शासन स्तर पर पत्र व्यवहार किया गया। विभागीय मंत्री से भी प्रत्यक्ष रुप से मिलकर मांग की गई परंतु सरकार की उदासीनता से बात नही बनी इसीलिए अब सड़क निर्माण की मांग लेकर सड़क पर उतरकर सड़क जाम करने का निर्णय लिया गया है।
नहर मार्ग निर्माण को लेकर आंदोलन, चक्काजाम के सम्बंध में मुझे जानकारी नही है। विभागीय उच्च अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार अनुपूरक बजट में शामिल करने शासन को पत्र भेजा गया है।
एसडीओ जलसंसाधन विभाग, विनयधर दीवान





