प्रदेश भाजपा के शीर्ष निर्णय मंच में पहुंचे डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, सीपत में कार्यकर्ताओं ने किया सम्मान, बोले- संगठन के विश्वास पर खरा उतरना मेरी प्राथमिकता…@

काशिश न्यूज | बिलासपुर
छत्तीसगढ़ भाजपा के हालिया संगठनात्मक पुनर्गठन में पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी को प्रदेश कोर ग्रुप का सदस्य बनाए जाने पर मस्तूरी क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। संगठन के सबसे महत्वपूर्ण निर्णय मंचों में शामिल इस जिम्मेदारी को पार्टी नेतृत्व द्वारा उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक योगदान की मान्यता माना जा रहा है।
प्रदेश कोर ग्रुप में शामिल होने के बाद रविवार को डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी सीपत पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं ने विश्राम गृह में डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी का शाल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया। इस दौरान में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रदेश भाजपा के कोर ग्रुप में शामिल किए जाने पर डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व एवं संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व सौंपा है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और संगठन की विचारधारा तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यकर्ता निरंतर कार्य कर रहे हैं।
बता दें कि डॉ. बांधी का राजनीतिक सफर संगठनात्मक कार्यकर्ता से शुरू होकर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा है। उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के माध्यम से सक्रिय राजनीति में कदम रखा और बाद में अनुसूचित जाति मोर्चा में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। वर्ष 2008 में वे पहली बार मस्तूरी (अजा) विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए। इसके बाद तीन बार विधानसभा पहुंचे और क्षेत्र में अपनी मजबूत राजनीतिक पहचान स्थापित की।
भाजपा सरकार के कार्यकाल में उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों की कैबिनेट मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली। मंत्री रहते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े कई कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका रही। इसके अलावा वे अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष पद का दायित्व भी निभा चुके हैं।
संगठनात्मक स्तर पर भी डॉ. बांधी ने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। पार्टी और सरकार दोनों स्तरों पर लंबे अनुभव के कारण उन्हें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में गिना जाता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रदेश कोर ग्रुप में उनकी नियुक्ति संगठन में बढ़ते प्रभाव, वरिष्ठता और अनुभव की स्वाभाविक पहचान है। कोर ग्रुप भाजपा का वह प्रमुख मंच माना जाता है जहां संगठन और राजनीतिक रणनीति से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों पर विचार किया जाता है।
इस अवसर पर भाजपा बिलासपुर ग्रामीण के उपाध्यक्ष राज्यवर्धन कौशिक, सीपत मंडल उपाध्यक्ष अभिलेश यादव, मंडल महामंत्री हरिकेश गुप्ता, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मदनलाल पटनवार, युवा मोर्चा जिला महामंत्री तुषार चंद्राकर, बलराम पटनवार, ललित यादव, आशीष बांकरे, रमनगिरि गोस्वामी, पवन साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
