एनटीपीसी के ठेका कंपनी आईएमएस शिपमेंट एजेंसी की लापरवाही ने ली संविदा कर्मी की जान, राखड़ डेम में करंट से मौत, सुरक्षा इंतजामों पर उठे गंभीर सवाल…@

कशिश न्यूज | सीपत
एनटीपीसी सीपत के राखड़ डेम में ड्रेजिंग का कार्य कर रही ठेका कंपनी आईएमएस शिपमेंट एजेंसी की लापरवाही एक संविदा कर्मी की जान पर भारी पड़ गई। ड्यूटी के दौरान करंट लगने से पश्चिम बंगाल निवासी श्रमिक की मौत हो गई। घटना के बाद कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों और श्रमिकों को उपलब्ध कराए जाने वाले सुरक्षा उपकरणों को भी लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मांगी टोला निवासी नूर मोहम्मद (पिता सेनौल एस.के.) 19 वर्ष के रूप में हुई है, जो आईएमएस शिपमेंट एजेंसी में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार वह ग्राम रांक स्थित ऐश डाइक-1 के ओवरफ्लो लैगून क्षेत्र में स्थापित पानी के पंप पर कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सोमवार सुबह करीब 8:45 बजे एनटीपीसी सीआईएसएफ के जवानों ने जलाशय क्षेत्र में शव देखा और तत्काल इसकी सूचना एनटीपीसी प्रबंधन को दी। सूचना मिलते ही सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। जलाशय के दूसरे छोर से नाव के माध्यम से शव को बाहर निकाला गया।
टीआई राजेश मिश्रा का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला करंट लगने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। बांकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। सीपत पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना ने ठेका कंपनी आईएमएस शिपमेंट एजेंसी की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रमिकों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं, विद्युत उपकरणों की नियमित जांच हुई थी या नहीं तथा जोखिमपूर्ण कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, जैसे सवाल अब जांच के दायरे में हैं।
एक ओर जहां एक श्रमिक की जान चली गई, वहीं दूसरी ओर यह हादसा औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत संविदा कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था की हकीकत भी उजागर कर रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा जांच के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी। अन्य मजदूरों का कहना है की मृतक के परिजनों कंपनी उचित मुआवजा दे और साथ ही एक व्यक्ति को संविदा कर्मी के रूप में कार्य दें।
